राजगढ़ (अलवर)।
राजगढ़ थाना क्षेत्र के माचाडी गांव में मंगलवार को निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में एक श्रमिक की जान चली गई। मृतक की पहचान गांव काबरा बास निवासी 35 वर्षीय कमल सैनी के रूप में हुई है। वह मकान की चिनाई का कार्य कर रहा था, तभी ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे कमल को एम्बुलेंस के माध्यम से तुरंत राजगढ़ चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। गुस्साए परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा किया गया, वहीं चिकित्सालय के बाहर स्टेशन मार्ग पर कई बार जाम लगा दिया गया। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने ठेकेदार के भाई के साथ मारपीट भी कर दी, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छुड़वाया।
स्थिति बिगड़ती देख राजगढ़ डीएसपी मनीषा मीना, थानाधिकारी राजेश मीना और रैणी थाना प्रभारी रामजीलाल मीना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर माहौल को शांत किया। तकरीबन पांच घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा गया।
राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीना ने बताया कि मृतक के पिता गिल्याराम सैनी की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट हुआ है कि कमल सैनी की मौत विद्युत करंट लगने से हुई है। पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

