विशेष अभियान-6 के तहत चिकित्सा संस्थानों में चला स्वच्छता अभियान, साफ-सुथरे हुए परिसर

pnpandey

बांसवाड़ा। जिले में विशेष अभियान-6 के तहत मंगलवार को विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चिकित्सा संस्थानों के परिसरों में साफ-सफाई कर कार्यस्थलों को व्यवस्थित बनाया गया। इसका उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और सुशासन को प्रोत्साहित करना है।

अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मधुबन कॉलोनी में डॉ. मुन्नवर हुसैन के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान पूरे परिसर की साफ-सफाई की गई, जिससे संस्थान का वातावरण स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आया। साथ ही चिकित्सा संस्थानों में स्वच्छता बनाए रखने और आमजन को इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

इसी क्रम में गामड़ी नारायण उप स्वास्थ्य केंद्र, कूपड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परतापुर तथा जगतरावत का पाड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। यहां परिसर की सफाई के साथ कार्यस्थलों को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।

लंबित मामलों के निस्तारण पर भी जोर

विशेष अभियान-6 के तहत स्वच्छता के साथ कार्यालयों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल एवं प्रभावी बनाना तथा अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री का उचित प्रबंधन भी अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य सरकारी संस्थानों में स्वच्छता, कार्यकुशलता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

अभियान के माध्यम से चिकित्सा संस्थानों में स्वच्छता को नियमित कार्यशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया, ताकि मरीजों और आमजन को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Share This Article
Leave a Comment