स्थापना दिवस, खेल दिवस, सूर्य सप्तमी और योग दिवस सहित वर्षभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की दी जानकारी
बांसवाड़ा, 27 अक्टूबर।
क्रीड़ा भारती जिला बांसवाड़ा की बैठक मंगलवार को प्रांत संगठन मंत्री अंकित जी के सानिध्य में आयोजित हुई। बैठक में क्रीड़ा भारती के उद्देश्यों, संगठन की कार्यप्रणाली तथा खेलों के माध्यम से समाज में शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास को बढ़ावा देने वाले विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रांत संगठन मंत्री अंकित जी ने क्रीड़ा भारती की गतिविधियों और वर्षभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन खेलों को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं में खेल भावना विकसित करने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां संचालित करता है।
उन्होंने स्थापना दिवस (हनुमान जन्मोत्सव), खेल दिवस, सूर्य सप्तमी, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा तथा वीरमाता जीजाबाई पुरस्कार जैसे कार्यक्रमों की जानकारी दी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, भारतीय खेल परंपराओं को प्रोत्साहित करने, योग एवं सूर्य नमस्कार के महत्व को जनसामान्य तक पहुंचाने तथा खिलाड़ियों की प्रतिभा और उपलब्धियों को सम्मानित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में क्रीड़ा भारती के कार्यों का जिले में विस्तार करने, संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने और आगामी कार्यक्रमों की योजनाओं को लेकर भी संक्षिप्त चर्चा की गई। साथ ही जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने की दिशा में कार्य करने पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्ययोजना तैयार करने और खेलों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रभावना के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

