निकाय व पंचायत चुनाव में गहलोत सरकार के कार्य जनता तक पहुंचाएं: अर्जुन सिंह बामनिया

pnpandey

बांसवाड़ा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांसवाड़ा एवं नगर कांग्रेस कमेटी बांसवाड़ा की संयुक्त बैठक शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया ने कहा कि आगामी निकाय एवं पंचायत चुनाव में कांग्रेस सभी पदों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में हुए जनहितकारी कार्यों और योजनाओं को घर-घर पहुंचाकर मतदाताओं को उनकी जानकारी दें।

बैठक में बामनिया ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में विपक्ष द्वारा पूछे जा रहे सवालों से बचने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जवाब देने से बच रहे हैं।

बैठक के प्रभारी योगपाल सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जनता के बीच जाकर वर्तमान डबल इंजन सरकार की नीतियों एवं उसकी कथित विफलताओं को उजागर करना होगा। वहीं प्रभारी गौतमलाल राणा ने कहा कि पंचायत राज चुनाव में सफलता के लिए सबसे पहले वार्ड पंच स्तर से संगठन को मजबूत करना होगा, जिससे आगे की चुनावी कड़ी मजबूत बनेगी।

निवर्तमान उप जिला प्रमुख डॉ. विकास बामनिया ने वर्ष 2003 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय बांसवाड़ा जिले में दानपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि जब जनता अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर खड़ी होती है तो बदलाव निश्चित होता है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप पाटीदार ने कहा कि अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संघर्ष के साथ संगठन को मजबूत कर आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करनी होगी। पूर्व सभापति राजेश टेलर ने नगर परिषद एवं पंचायत चुनाव की रणनीति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू करनी होगी।

ब्लॉक प्रवक्ता भारत दोसी ने बताया कि बैठक को ओबीसी जिलाध्यक्ष विवेक पटेल, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष अशोक डामोर, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव सुभाष निनामा, आदिवासी कांग्रेस नेता विनोद पारगी, सरपंच निलेश रावत, मंडल अध्यक्ष विजयपाल, लेम्प्स अध्यक्ष रमनलाल कलाल, पूर्व प्रधान सुनीता माल, सरपंच नरबेश डिंडोर तथा रामचंद्र सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

बैठक में जिला महामंत्री (संगठन) मनीष एन. त्रिवेदी, महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सचिव लता निनामा सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक, मंडल, पंचायत एवं नगर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के जिलाध्यक्ष मिलन चाहिल ने किया, जबकि आभार नगर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र तेली ने व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a Comment