बांसवाड़ा शहर के कॉलेज रोड पर स्थित महेश एम्पोरियम पर अभिभावकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि दुकान द्वारा अस्पतालों में उपयोग होने वाली “Hospital Special Bed Sheet” के कपड़े से बनी शर्ट को स्कूल यूनिफॉर्म बताकर बेचा जा रहा है। अभिभावकों का कहना है कि यह कपड़ा बच्चों की यूनिफॉर्म के नाम पर ऊंचे दामों में बेचकर उनसे आर्थिक ठगी की जा रही है।
अभिभावकों द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीरों में कपड़े के किनारे पर स्पष्ट रूप से “Hospital Special Bed Sheet” लिखा हुआ दिखाई देता है। उनका दावा है कि यही कपड़ा यूनिफॉर्म के रूप में सिलवाकर दिया गया।
एक कपड़ा, तीन गुना कीमत वसूलने का आरोप
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि सामान्य बाजार मूल्य वाले कपड़े को यूनिफॉर्म बताकर कई गुना अधिक कीमत पर बेचा गया। उपलब्ध खरीद पर्ची के अनुसार दो शर्टों के लिए ₹450 और ₹480, कुल ₹930 वसूले गए। अभिभावकों का कहना है कि कपड़े की गुणवत्ता और कीमत में भारी अंतर है।
जांच और कार्रवाई की मांग
अभिभावकों ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और उपभोक्ता विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर महेश एम्पोरियम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि अस्पताल उपयोग का कपड़ा यूनिफॉर्म के नाम पर बेचा गया है, तो यह उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी का मामला हो सकता है।
नोट: यह समाचार अभिभावकों द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध बिल व तस्वीरों के आधार पर तैयार किया गया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। संबंधित दुकान का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

