बांसवाड़ा। कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ का जिला स्तरीय सम्मेलन बुधवार को हरिदेव जोशी रंगमंच में आयोजित हुआ। सम्मेलन में जिला, ब्लॉक एवं नगर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ओबीसी समाज के प्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हर सहाय यादव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर पंचायत राज चुनाव टाल रही है और इसके लिए ओबीसी आरक्षण को बहाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की मंशा होती तो समय रहते ओबीसी सर्वेक्षण पूरा कराया जा सकता था। उन्होंने कहा कि भविष्य ओबीसी वर्ग का है और समाज को अपने अधिकारों के प्रति संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरिदेव जोशी के योगदान को याद करते हुए कहा कि बांसवाड़ा क्षेत्र उनके विकास कार्यों को कभी नहीं भूलेगा।
पूर्व मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों का सम्मान करती है और समाज को जोड़ने की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का कार्य कर रही है।
पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि आगामी जिला परिषद एवं पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस को सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा जाति जनगणना का मुद्दा उठाकर ओबीसी वर्ग को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
पूर्व सभापति राजेश टेलर ने कहा कि बांसवाड़ा के विकास में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है तथा कांग्रेस शासन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित की गई। निवर्तमान उप जिला प्रमुख डॉ. विकास बामनिया ने कहा कि जिले में आदिवासी समुदाय के बाद ओबीसी सबसे बड़ा वर्ग है, जिसके हितों की रक्षा और समुचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के बांसवाड़ा दौरे के दौरान आम लोगों से ज्ञापन तक नहीं लिया गया।
कार्यक्रम को ब्लॉक अध्यक्ष दशरथ सिंह वाघेला, ओबीसी जिला अध्यक्ष विवेक पटेल, जिला उपाध्यक्ष जालम पटेल, पूर्व जिला कार्यकारी अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। मंच पर जिला महामंत्री (संगठन) मनीष एन. त्रिवेदी, पीएससी सदस्य राकेश सेठिया, ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुन सिंह पाटीदार, विनोद जोशी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मेलन के अंत में ओबीसी जिला, ब्लॉक एवं नगर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का अतिथियों ने माला पहनाकर एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया।

