जयपुर। वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन को देखते हुए राजस्थान सरकार ने राज्य के सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर अस्थायी रोक लगा दी है। इस संबंध में मुख्य सचिव कार्यालय से आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, राज्य के समस्त शासकीय विभागों एवं कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को 31 मार्च 2026 तक अवकाश या प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वीकृत नहीं किए जाएंगे। सरकार ने यह निर्णय वित्तीय वर्ष के अंत में लंबित कार्यालयी कार्यों के समयबद्ध एवं सुचारू निस्तारण को सुनिश्चित करने के लिए लिया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों या कर्मचारियों को पहले से अवकाश स्वीकृत है, वे भी केवल अत्यावश्यक अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में ही अवकाश का उपयोग कर सकेंगे। इसके अलावा सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करें।
मुख्य सचिव श्रीनिवास द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि राज्यपाल सचिवालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, विभिन्न मंत्रियों के कार्यालयों, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख शासन सचिवों तथा अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले सभी विभागों में लंबित कार्यों और वित्तीय प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करना बताया जा रहा है।
31 मार्च तक सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक
Leave a Comment
Leave a Comment

