कंचनपुर। कस्बे के राजकीय बालिका विद्यालय में भामाशाह फतेहचंद रमेशचंद सोनी द्वारा सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की गई। भामाशाह ने विद्यालय की 65 छात्राओं को स्वेटर भेंट किए। साथ ही, विद्यालय परिसर में निर्मित सीढ़ी निर्माण एवं छत मरम्मत कार्य पूर्ण होने पर उन्हें विधिवत रूप से विद्यालय प्रबंधन को सुपुर्द किया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक यशवंत कुमार बायल ने बताया कि भामाशाह सोनी समय-समय पर विद्यालय को सहयोग प्रदान करते रहे हैं। इसी क्रम में, लगभग 21 हजार रुपये की लागत से 65 छात्राओं को स्वेटर वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त, विद्यालय भवन में करीब 1 लाख रुपये की लागत से सीढ़ी का निर्माण तथा 1 लाख 25 हजार रुपये की लागत से छत मरम्मत का कार्य भामाशाह के सहयोग से पूरा किया गया। निर्माण कार्य पूर्ण होने पर फीता काटकर इन्हें विद्यालय परिवार को सौंपा गया।
इस खबर को भी पढ़ें(होटल में तोड़फोड़ व मारपीट मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार, एक निरुद्ध)
विद्यालय प्रबंधन समिति ने भामाशाह फतेहचंद रमेशचंद सोनी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर पीईईओ संजय कुमार मीणा, भामाशाह फूलचंद, भामाशाह प्रेरक अमरचंद, शिक्षाविद् महावीर प्रसाद हरसुखा, महेश माटोलिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

