भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा और एक अन्य भाजपाई नेता नवीन जिंदल द्वारा पैंगबर मुहम्मद पर की गई टिप्पणी के बाद इस्लामिक देशों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है।रविवार को विदेश मंत्रालय द्वारा भारतीय राजदूत को तलब करने के बाद आज सोमवार को कतर के डिप्टी अमीर की ओर से भारत के उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के सम्मान में रखा गया डिनर कैंसल कर दिया गया है। भारत के उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू रविवार को दोहा की की आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे थे।
हालांकि खबरों के मुताबिक भारत के उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू के साथ कतर के डिप्टी अमीर का डिनर का कार्यक्रम स्वास्थ्य कारणों से रद्द किया गया है। ऐसी रिपोर्ट थीं कि डिप्टी अमीर कोरोना के एक्सपोजर में आए हैं और इस बारे में उप-राष्ट्रपति नायडू के दोहा पहुंचे से पहले भारत को बता दिया गया था। बतादें कि पैगंबर के खिलाफ नुपुर शर्मा की टिप्पणी को लेकर भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान सहित सऊदी अरब, कुवैत, कतर और ईरान ने निंदा की है। इस बीच इन नेताओं पर भाजपा द्वारा निलंबन की कार्रवाई का सऊदी अरब और कतर ने स्वागत किया है।
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की टिप्पणी को अपमानजनक बताया। वहीं, कतर, कुवैत और ईरान ने रविवार को भारतीय दूत को तलब करते हुए अपनी नाराजगी जताई। दोहा में भारतीय दूत को विदेश मंत्रालय ने तलब किया और एक आधिकारिक विरोध पत्र सौंपा जिसमें कहा गया था कि कतर भारत सरकार से सार्वजनिक माफी और इन टिप्पणियों की तत्काल निंदा की उम्मीद कर रहा है।
पार्टी ले चुकी है एक्शनइसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से बयान भी आया था कि जिसमें कहा गया कि कि यह टिप्पणियां कुछ अराजक तत्वों की हैं और यह ये विचार सरकार का नजरिया पेश नहीं करती हैं। कतर द्वारा जारी बयान के संबंध में भारतीय राजदूत ने कहा कि ट्वीट किसी भी तरह से, भारत सरकार के विचारों को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं। भारत सरकार सभी धर्मों को सर्वोच्च सम्मान देता है। अपमानजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ पहले ही कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है।
नुपुर शर्मा को किया निलंबित
इससे पहले पैगंबर मुहम्मद पर पार्टी प्रवक्ता के विवादस्पद टिप्पणी के कारण चौतरफा हमले का सामना कर रही भाजपा ने आखिरकार बड़ा कदम उठाया और रविवार को बीजेपी प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा नवीन कुमार जिंदल को भी सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सद्भावना भड़काने के आरोप में पार्टी से निकाल दिया गया। पैगंबर मुहम्मद पर प्रवक्ता नूपुर शर्मा की टिप्पणी पर भारी हंगामे और हिंसा के बीच भाजपा ने कहा कि वह “किसी भी धार्मिक व्यक्तित्व के अपमान की कड़ी निंदा करती है”।

