मोबाइल पर हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म
देहरादून की युवती ने जहांगीराबाद कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट
जहांगीराबाद। नगर से सटे एक गांव निवासी युवक पर देहरादून की एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि लगभग चार वर्ष पूर्व उसकी दोस्ती चचरई निवासी वीरू गोसी से मोबाइल पर बातचीत करते हुए हुई थी। पीड़िता का दावा है कि वीरू ने उसे शादी का झांसा देकर लगभग एक माह पूर्व जहांगीराबाद बुला लिया और नगर में ही एक कमरा भी दिलवा दिया। पीड़िता का आरोप है कि बीती 10 जुलाई को वीरू ने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया और जब पीड़िता ने आरोपी से शादी करने के लिए कहा तो उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़ित युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी जहांगीराबाद नीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित युवती की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ धारा 376 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

