अवैध बांग्लादेशियों का अड्डा बना खण्डेलागौ रक्षा दल के सदस्यों ने 19 को पकड़कर पुलिस को सौंपा

pnpandey

अवैध बांग्लादेशियों का अड्डा बना खण्डेला
गौ रक्षा दल के सदस्यों ने 19 को पकड़कर पुलिस को सौंपा

खण्डेला। खण्डेला क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार देर रात गौ रक्षा दल के सदस्यों ने चौकड़ी रोड स्थित पारस ईंट भट्टे से 19 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़कर खण्डेला पुलिस के हवाले किया। इससे एक दिन पूर्व भी पुलिस ने इसी ईंट भट्टे से करीब तीन दर्जन बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया था।

गौ रक्षा दल को इनकी मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिस पर वे रात को ही मौके पर पहुंचे, लेकिन उस समय कोई नहीं मिला। इसके बाद दल के सदस्यों ने पूरी रात लगातार पीछा करते हुए कांटा चौराहे के पास स्थित पारस ईंट भट्टे से सभी 19 नागरिकों को पकड़ा। पकड़े गए लोगों के पास से फर्जी भारतीय दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। प्रारंभ में सभी ने खुद को बिहार और पश्चिम बंगाल निवासी बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ में कई लोगों ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक स्वीकार किया है।

एक दिन पूर्व की कार्रवाई के बावजूद ईंट भट्ठा मालिकों का रवैया नहीं बदला है और वे बिना दस्तावेज सत्यापन के अवैध प्रवासियों को मजदूरी पर रख रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि अभी तक किसी भी ईंट भट्टा मालिक पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गहराई से जांच की जाए, तो खण्डेला क्षेत्र में हजारों की संख्या में अवैध बांग्लादेशी नागरिक मिल सकते हैं।

फिलहाल खण्डेला पुलिस और खुफिया एजेंसियां पकड़े गए नागरिकों से पूछताछ कर रही हैं। दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें वापस बांग्लादेश भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस और भट्ठा मालिकों की बड़ी लापरवाही
सूत्रों के अनुसार ईंट भट्ठा मालिक सस्ते श्रमिकों के लालच में इन अवैध नागरिकों को शरण दे रहे हैं। वहीं, इन प्रवासियों का लंबे समय तक क्षेत्र में कार्य करने के बावजूद पुलिस सत्यापन न होना प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है।

“जांच में और बांग्लादेशी मिलने की संभावना” – बंशीधर बाजिया
पूर्व चिकित्सा राज्य मंत्री बंशीधर बाजिया ने पत्रकारों से कहा कि खण्डेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में बांग्लादेशियों का मिलना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि यदि हर मोहल्ले और घर की गहन जांच की जाए, तो और भी अवैध विदेशी नागरिकों का पता चल सकता है।


Share This Article
Leave a Comment