बांसवाड़ा। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) ने विभागीय अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बांसवाड़ा वृत्त के चार कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी अलग-अलग कार्यालय आदेशों में संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय जांच प्रस्तावित होने के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
निलंबित कर्मचारियों में कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) मनीष भगोरा तथा टेक्नीशियन-2 नीरज जोशी, अभिषेक व्यास और हेमंत जोशी शामिल हैं। आदेशों के अनुसार निलंबन अवधि में सभी कर्मचारियों के मुख्यालय अलग-अलग कार्यालयों में निर्धारित किए गए हैं, जहां उन्हें प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करानी होगी। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता भी मिलेगा।
एवीवीएनएल द्वारा एक ही दिन में चार कर्मचारियों पर की गई यह कार्रवाई विभाग में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि निगम की ओर से जारी आदेशों में विभागीय जांच के कारणों या आरोपों का खुलासा नहीं किया गया है। अब सभी की निगाहें प्रस्तावित जांच और उसकी रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि निलंबन के पीछे किन परिस्थितियों ने भूमिका निभाई।
सूत्रों के अनुसार मामले की जांच पूरी होने के बाद ही संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
एवीवीएनएल ने दिखाई सख्ती, विभागीय जांच के बीच चार कर्मचारियों पर गिरी निलंबन की गाज
Leave a Comment
Leave a Comment

