बांसवाड़ा।
जिले में किसानों, मजदूरों और आमजन से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सोमवार से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन कर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपेगी। यह जानकारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
उन्होंने बताया कि जिले में किसानों को समय पर खाद की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। वहीं मनरेगा में काम नहीं मिलने और पूर्व कार्यों का भुगतान लंबित रहने के कारण गरीब एवं आदिवासी मजदूरों को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया में अव्यवस्था व्याप्त है। स्मार्ट मीटर से आने वाले भारी-भरकम बिजली बिल छोटे और मध्यम परिवारों के लिए आर्थिक बोझ बनते जा रहे हैं, जिससे आमजन में असंतोष है।
उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चोरी, हत्या और आपराधिक घटनाओं में कमी नहीं आ रही है, जिससे आम नागरिक भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
इन सभी समस्याओं को लेकर सरकार और प्रशासन को आईना दिखाने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विधानसभा स्तर पर धरना-प्रदर्शन और जनसभाओं का आयोजन किया जा रहा है।
प्रदर्शन कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा—
15 दिसंबर (सोमवार): घाटोल विधानसभा क्षेत्र में प्रातः 11 बजे धरना
17 दिसंबर: जिला मुख्यालय पर सेवादल द्वारा कार्यक्रम
18 दिसंबर: बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र में प्रदर्शन
19 दिसंबर: बांसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन
22 दिसंबर: गढ़ी विधानसभा क्षेत्र में जनसभा एवं प्रदर्शन
पार्टी प्रवक्ता एडवोकेट इमरान खान पठान ने बताया कि प्रत्येक कार्यक्रम में नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया का स्वागत किया जाएगा तथा उनके नेतृत्व में संबंधित उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ कांग्रेसजन रमेशचंद्र पंड्या, अब्दुल गफ्फार, विधायक नानालाल निनामा, विधायक श्रीमती रमिला खड़िया, सहित जिलेभर के वरिष्ठ एवं युवा कांग्रेसी, ब्लॉक व मंडल अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
सोमवार से विधानसभा वार कांग्रेस का प्रदर्शन, जिलेभर में सौंपे जाएंगे ज्ञापन
Leave a Comment
Leave a Comment

