सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भंवरी उर्फ भाविका चौधरी 152 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार

pnpandey

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भंवरी उर्फ भाविका चौधरी 152 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार
✍️ राजेन्द्र दवे मांडवला
ब्यूरो रिपोर्ट – जालोर

जालोर। जिले की चितलवाना थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘भौकाल’ के तहत बड़ी कार्यवाही करते हुए इंस्टाग्राम पर 83 हजार फॉलोवर्स वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भंवरी उर्फ भाविका चौधरी को मादक पदार्थ एमडी के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाही सिवाड़ा पुलिस चौकी पर राष्ट्रीय राजमार्ग 68 पर नाकाबंदी के दौरान की गई।

चितलवाना पुलिस के अनुसार, आरोपी भाविका चौधरी जैसलमेर से अहमदाबाद जा रही एक बस में यात्रा कर रही थी। तलाशी के दौरान उसके लेपटॉप बैग से दो पैकेट में कुल 152 ग्राम एमडी (मेथाम्फेटामाइन) जब्त किए गए, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

आरोपी महिला बाड़मेर जिले के महाबार गांव की निवासी है। पूछताछ में सामने आया है कि वह पिछले एक वर्ष से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त है और हर ट्रिप पर उसे 10 हजार रुपये का भुगतान किया जाता था। इस बार जब्त किया गया मादक पदार्थ गुजरात के ऊंझा क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को यह एमडी बाड़मेर की एक महिला “चणनी” से प्राप्त हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और चणनी सहित अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

चितलवाना थाना अधिकारी ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर सक्रिय और बड़ी संख्या में फॉलोवर्स रखने वाली भाविका की गिरफ्तारी से इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस की सतर्कता और ऑपरेशन ‘भौकाल’ के चलते एक बार फिर एक बड़ी तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment