पाली: स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार, पुलिस ने मारा छापा, 9 लोग हिरासत में
पाली। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित नैचुरल थाई स्पा सेंटर में देह व्यापार की सूचना मिलने के बाद मंगलवार को पुलिस ने वहां दबिश दी। इस कार्रवाई में थाईलैंड की तीन युवतियों समेत नौ लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, इन युवतियों को टूरिस्ट वीजा पर भारत लाया गया था और स्पा सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधियों में संलिप्त किया जा रहा था।
CO सिटी ऊषा यादव के निर्देशन में कोतवाली थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से शीतल प्रकाश (42), निवासी बूंदी को पीटा एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इसके अलावा, पकड़े गए नमन शर्मा, दीपेंद्र सिंह, बबलू, इंद्रजीत और नरेंद्र कुमार को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
स्पा सेंटरों में देह व्यापार का नेटवर्क
सूत्रों के मुताबिक, पाली जिले में करीब 20 स्पा सेंटर संचालित हो रहे हैं, जिनमें से कई में मसाज के नाम पर अवैध रूप से देह व्यापार का धंधा चल रहा है। इन सेंटरों में विदेशी युवतियों को टूरिस्ट वीजा पर लाकर रखा जाता है और गुप्त रूप से यह कारोबार किया जाता है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य स्पा सेंटरों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन युवतियों को कौन भारत लाया और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने भी शहर के सभी स्पा सेंटरों की जांच तेज कर दी है।

