नाकाबंदी में पकड़ी कार, पिस्टल और कारतूस के साथ दो गिरफ्तार

pnpandey

नाकाबंदी में पकड़ी कार, पिस्टल और कारतूस के साथ दो गिरफ्तार

मनोहरपुर पुलिस की अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई

मनोहरपुर (जयपुर)। अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मनोहरपुर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी आशुतोष कुमार के अनुसार पुलिस को 10 अगस्त को सूचना मिली थी कि जयपुर की ओर से मनोहरपुर की तरफ आ रही एक कार में हथियार हो सकते हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने दांता रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध कार RJ 23 CG 4414 को रुकवाया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार श्रीराम सेविलिया (31), निवासी बसंत विहार कॉलोनी, अजीतगढ़ और अमन कुमार सैनी (25), निवासी उप तहसील के पास, अजीतगढ़ के कब्जे से एक देशी पिस्टल तथा तीन जिंदा कारतूस मिले। पुलिस के मुताबिक दोनों के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियारों के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इनके पीछे किसी अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।

कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ एएसआई सोहनलाल, राजेंद्र कुमार, मुकेश कुमार तथा कांस्टेबल सुरज्ञान, दीपचंद, रमेश चंद, संदीप, रामचंद्र और वेदवीर शामिल रहे। पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Share This Article
Leave a Comment