स्थान: बांसवाड़ा (मोटागांव थाना क्षेत्र)
मोटागांव थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक गोविंद की हत्या के बाद माहौल अचानक भड़क उठा और देखते ही देखते पूरा क्षेत्र हिंसा की चपेट में आ गया। आक्रोशित भीड़ ने आगजनी करते हुए करीब 25 से 30 घरों को निशाना बनाया, जिससे कच्चे मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, वहीं पक्के मकानों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा।
घटना के दौरान हालात उस समय और बिगड़ने लगे जब आग बुझाने के लिए दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। इसी बीच दो बोलेरो वाहनों में बड़ी संख्या में लोग सवार होकर पहुंचे, जो पत्थरबाजी के लिए तैयार नजर आ रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल थाने से अतिरिक्त बल मंगवाया और मौके पर मौजूद युवाओं के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार सक्रिय रहे। तहसीलदार और एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहे। पूरे गांव में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, जिससे संभावित टकराव टल गया।
आगजनी में भारी नुकसान सामने आया है। आठ मोटरसाइकिल, एक वैन, एक साइकिल और एक जनरेटर जलकर नष्ट हो गए। घरों में रखा अनाज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह राख हो गया। राहत की बात यह रही कि मौके पर मौजूद गैस सिलेंडर खाली थे, अन्यथा बड़ा विस्फोट हो सकता था।
मौके के हालात से स्पष्ट है कि आगजनी सुनियोजित तरीके से की गई। कई घरों के दरवाजे तोड़ दिए गए और अंदर रखा सामान जला दिया गया। कुछ मकानों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त मिलीं।
घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है। अधिकांश लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। मवेशी और पक्षी भी बेसहारा भटकते नजर आए।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम शाम को करवाया। इस दौरान सदर थाना अधिकारी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
दमकल के साथ ही पहुंचीं बोलेरो गाड़ियां, पत्थरबाजी की तैयारी; अतिरिक्त पुलिस बल से हालात काबू में
Leave a Comment
Leave a Comment

