जिला कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

pnpandey

जिला कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन 🔺 कलिंजरा हत्याकांड और 108 एम्बुलेंस की लापरवाही पर जताई नाराज़गी 🔺 जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

बांसवाड़ा, 3 जुलाई जिले में लगातार बढ़ रहे अपराध और चिकित्सा आपात सेवाओं की लचर स्थिति को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने 1 जुलाई को कलिंजरा कस्बे में हुई जघन्य हत्या की घटना का ज़िक्र करते हुए कहा कि दिनदहाड़े बस स्टैंड पर एक महिला की तलवार से हत्या कर दी गई, जो पुलिस थाने से मात्र 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। यह घटना प्रशासन और कानून व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े करती है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि घटना के बाद घायल महिला करीब 20 मिनट तक तड़पती रही, लेकिन 108 एम्बुलेंस नहीं पहुंची। अंततः पुलिस और स्थानीय लोगों ने ऑटो से महिला को सीएचसी कलिंजरा पहुँचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

108 सेवा को बताया अपराध में सहभागी ज्ञापन में कहा गया कि 108 एम्बुलेंस सेवा की स्थिति बेहद खराब है। कॉल करने पर जवाब नहीं मिलता, गाड़ियां खराब पड़ी रहती हैं, चालक नहीं मिलते या वाहन लोकेशन पर उपलब्ध नहीं होते। कलिंजरा की एम्बुलेंस को बागीदौरा भेजा गया है और बागीदौरा की गाड़ी भी नदारद है। कांग्रेस ने इसे ‘आपराधिक लापरवाही’ बताया और संबंधित कंपनी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

जिले में डर और असुरक्षा का माहौल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लूट, चोरी, छेड़छाड़ और पथराव जैसी घटनाएं आए दिन हो रही हैं। जनता डरी हुई है और प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। कांग्रेस ने मांग की कि जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए और कलिंजरा हत्याकांड के आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हो।

ज्ञापन देने वालों में प्रमुख नेता शामिल ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष रमेशचंद्र पंड्या, कार्यकारी अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार, उप जिला प्रमुख डॉ. विकास बामणिया, नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र तेली, नवाब फौजदार, मनोहर खड़िया, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, विनोद शर्मा, लता निनामा, सुनीता माल, रामलाल डिंडोर समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। पार्टी प्रवक्ता एडवोकेट इमरान खान पठान ने प्रेस को यह जानकारी दी।

Share This Article
Leave a Comment