Rajasthan Election 2023
Rajasthan Election 2023: प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर एक सप्ताह से परवान चढ़ा चुनावी शोर गुरुवार शाम 6 बजे थम जाएगा। भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों ने प्रचार में इस बार पूरी ताकत झोंक दी है।
गुरुवार शाम छह बजे बाद प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसम्पर्क कर सकेंगे। इससे पहले बुधवार को भाजपा- कांग्रेस सहित अन्य दलों के प्रत्याशियों ने शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनसंपर्क किया। साथ ही अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए अलग- अलग समाज वर्ग की बैठकें कीं। इस चुनाव में दोनों ही प्रमुख दलों ने अग्रेसिव मोड में चुनावी सभाएं कीं और एक- दूसरे पर खूब आरोप प्रत्यारोप भी लगाए। क्रिकेट वर्ल्ड कप का भी राजनीतिक रैलियों में नेताओं ने अपने भाषण में खूब उपयोग किया और अपनी शैली में विरोधी दलों के लिए क्रिकेट के माध्यम से राजनीतिक कटाक्ष किए। भाजपा जहां चुनाव राज बदलने के लिए लड़ रही है, वहीं कांग्रेस 25 साल का रिवाज बदलने के लिए पूरा जोर लगाए हुए है।
राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चल रहे चुनाव प्रचार का दौर आज यानी गुरुवार (23 नवंबर) शाम 6 बजे थम जाएगा। इसके बाद राज्य में कहीं भी रोड शो, जुलूस, रैली और जनसभा आदि आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। अगर कोई भी उम्मीदवार चुनाव प्रचार करता पाया जाएगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इन सबके बीच प्रचार के आखिरी दिन आज (23 नवंबर) भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों ही पार्टियों की तरफ से आज राजस्थान में कई बड़े नेता चुनावी सभा और रैली को संबोधित करने आएंगे। आज राज्य में नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे जैसे कई दिग्गज नेता अपने उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे।
पीएम मोदी करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री मोदी आज राजस्थान में तीन कार्यक्रमों शामिल होंगे। पहले वह देवगढ़ में लगभग 12:30 बजे एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी शाम 4 बजे श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर में दर्शन और पूजा करने के लिए मथुरा जाएंगे। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी संत मीराबाई की 525वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शाम करीब 4:30 बजे शामिल होंगे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह भी आज राजस्थान में चुनावी सभा करते नजर आएंगे।
कांग्रेस के कई दिग्गज मैदान में
भाजपा की तरह ही कांग्रेस ने भी चुनाव प्रचार के आखिरी दिन अपने दिग्गज नेताओं को उतारा है। कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और कई अन्य बड़े नेता आज रैली, जनसभा और रोड शो करके जनता को लुभाने की कोशिश करेंगे। बता दें कि राज्य में 25 नवंबर को मतदान होना है।

