चबूतरे पर चढ़ी बकरी तो कर दी शख्स की पीटकर हत्या..

pnpandey

चबूतरे पर चढ़ी बकरी तो कर दी शख्स की पीटकर हत्या..

 

नगर पालिका अध्यक्ष सहित 22 पर केस दर्ज…

इलाके में एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात…

भदोही, 07 सितंबर। भदोही जिले के शहर कोतवाली इलाके में समुदाय विशेष के व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट करने, एक शख्स की हत्या और कई लोगों को घायल करने के आरोप में नगर पालिका अध्यक्ष समेत 22 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बुधवार को बताया कि मंगलवार दोपहर कटरा बाजार रसूलियत खान मुहल्ले में मुस्तकीम की एक बकरी उसके सामने के घर में रहने वाले संदीप के चबूतरे पर चढ़ गई, जिसे संदीप ने मार कर भगा दिया। मुस्तकीम के बेटों सलमान और आफताब ने बकरी को मारने का विरोध किया और थोड़ी कहा-सुनी के बाद मामला शांत हो गया।

भारती ने बताया कि रात 10 बजे के बाद पिंटू, कल्लू, संदीप, राजेश, प्रमोद और प्रदीप मुस्तकीम के घर पहुंचे और दरवाज़ा खटखटाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान उन लड़कों के पीछे खड़े भदोही नगर पालिका अध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल कई लोगों के साथ मुस्तकीम के घर में घुस गए और घर में मौजूद लोगों को मारना पीटना शुरू कर दिया।

उन्होंने बताया कि इस घटना में अंदरूनी चोट लगने से मुस्तकीम की मौत हो गई जबकि उसके बेटे सलमान और आफताब तथा बेटियां शीबा और शबनम घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भारती ने बताया कि इस मामले में मृतक की पत्नी मोमिना बेगम की तहरीर पर नगर पालिका अध्यक्ष जायसवाल समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद तथा 15 अज्ञात लोगों पर गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। मामले के सात आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इलाके में एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी नामजद आरोपी फरार हैं जिन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है

Share This Article
Leave a Comment