कांग्रेस बैठक में दिग्गजों की गैरहाजिरी बनी चर्चा का विषय, जमीनी मजबूती पर मंथन

pnpandey

निकाय व पंचायत चुनाव से पहले संगठन विस्तार की रणनीति, वार्ड–ग्राम स्तर पर फोकस
बांसवाड़ा।
जिला कांग्रेस कमेटी बांसवाड़ा की रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में जहां आगामी नगर निकाय एवं पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर संगठनात्मक मजबूती पर विस्तृत मंथन किया गया, वहीं कई बड़े नेताओं की गैरहाजिरी ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को जन्म दे दिया।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया ने करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा ब्लॉक, नगर एवं मंडल स्तर की कार्यकारिणी का गठन पूर्ण किया जा चुका है। अब अगला लक्ष्य वार्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर अध्यक्षों और उनकी टीमों का गठन करना है, जिससे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती दी जा सके।
बैठक में उपस्थित ब्लॉक अध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाएं और जल्द से जल्द स्थानीय इकाइयों का गठन सुनिश्चित करें। आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
गैरहाजिरी ने खड़े किए सवाल
हालांकि, बैठक में जिन वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति अपेक्षित थी, वे नजर नहीं आए। विधायक नानालाल निनामा, विधायक श्रीमती रमिला खड़िया एवं पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया सहित कई दिग्गज नेताओं की अनुपस्थिति ने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का माहौल बना दिया। राजनीतिक जानकार इसे संगठन के अंदरूनी समीकरणों से जोड़कर भी देख रहे हैं।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार सहित विभिन्न ब्लॉक, मंडल एवं नगर अध्यक्ष मौजूद रहे। नेताओं ने स्पष्ट किया कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस को मजबूती के साथ उतारने के लिए जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय और सशक्त बनाना ही प्राथमिकता रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment