दुपहिया वाहन पर शहर की सड़कों का जायजा लेने का न्योता

pnpandey

दुपहिया वाहन पर शहर की सड़कों का जायजा लेने का न्योता

नागरिक नैतिक परिषद ने जिला कलेक्टर को दिया आमंत्रण, 19 अगस्त को गांधी मूर्ति से प्रस्तावित निरीक्षण

बांसवाड़ा। शहर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों की वास्तविक स्थिति से जिला प्रशासन को रूबरू कराने के लिए नागरिक नैतिक परिषद, शहर इकाई बांसवाड़ा ने जिला कलेक्टर को अनूठा आमंत्रण दिया है। परिषद ने जिला कलेक्टर से दुपहिया वाहन पर सवार होकर शहर के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण करने का आग्रह किया है, ताकि आमजन को आवागमन में हो रही परेशानियों को मौके पर देखा जा सके।

परिषद की ओर से जिला कलेक्टर को दिए गए आमंत्रण-पत्र में कहा गया है कि पूरा बांसवाड़ा शहर गड्ढों में सड़क ढूंढने को मजबूर है। ऐसे में दुपहिया वाहन से शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण कर सड़कों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया जाए, जिससे यह सामने आ सके कि शहरवासी किस प्रकार खराब सड़कों से जूझ रहे हैं।

आमंत्रण के अनुसार 19 अगस्त 2026 को सुबह 10:30 बजे गांधी मूर्ति, बांसवाड़ा से इस निरीक्षण की शुरुआत प्रस्तावित है। परिषद ने जिला कलेक्टर की गरिमामयी उपस्थिति की अपेक्षा जताई है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिला कलेक्टर के लिए वाहन की व्यवस्था नागरिक नैतिक परिषद द्वारा की जाएगी।

परिषद के अध्यक्ष राहुल चंपालत और महासचिव सुनील आचार्य ने जिला प्रशासन से शहर की सड़कों की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेने और आमजन की परेशानी को गंभीरता से लेने की अपील की है।

अब देखना यह होगा कि नागरिक नैतिक परिषद के इस अनोखे आमंत्रण पर जिला प्रशासन की क्या प्रतिक्रिया रहती है और क्या जिला कलेक्टर स्वयं शहर की सड़कों का दुपहिया वाहन से निरीक्षण कर जमीनी हकीकत देखेंगे।

Share This Article
Leave a Comment