जयपुर. राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर नामांकन पत्र भरने के तीसरे दिन 51 उम्मीदवारों ने 60 नामांकन पत्र दाखिल किए. प्रदेश में अब तक महज 90 उम्मीदवारों ने 106 नामांकन पत्र भरे हैं. नॉमिनेशन में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 13 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे हैं. जिन्हें सी-1 फॉर्म भरते हुए अपने अपराध की जानकारी समाचार पत्र और टीवी चैनल्स के माध्यम से तीन बार प्रकाशित-प्रसारित कर सार्वजनिक करनी होगी. प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नामांकन पत्र 6 नवम्बर तक भरे जाने हैं. जिसमें अब 4 दिन बचे हैं.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि इनमें आपराधिक रिकॉर्ड वाले उम्मीदवारों को सी-1 फॉर्म भरकर आपराधिक जानकारी सार्वजनिक करनी होगी. वहीं उन्होंने स्पष्ट किया कि 5 नवम्बर को रविवार के दिन नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जा सकेंगे. उधर, राजनीतिक दलों को प्रचार के लिए बुधवार को दूरदर्शन और आकाशवाणी पर 630 मिनट के समय के स्लॉट भी आवंटित किए गए.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में लॉटरी निकाल स्लॉट आवंटन किया. 10 से 21 नवम्बर तक 11 दिन प्रसारण होगा. हालांकि 12 नवम्बर को दीपावली का दिन इसमें शामिल नहीं किया गया. दूरदर्शन पर प्रसारण का समय शाम 4:30 से 5:00 बजे और शाम 6:00 से 6:30 बजे तक होगा. जबकि आकाशवाणी पर शाम 5:00 से 5:30 बजे और शाम 7:30 से 8:00 बजे तक प्रसारण होगा. सभी राजनीतिक दलों को 15-15 मिनट के स्लॉट में आवंटित किए गए हैं.

