बीकानेर में दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा हमला, इलाके में फैली सनसनी
बीकानेर। जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब एसबीआई बैंक के सामने एक युवक पर हथियारबंद हमलावरों ने सरेआम हमला कर दिया। घटना में विकास नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो कैंपर गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने विकास को घेर लिया और हथियारों से लैस होकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही व्यास कॉलोनी थाना अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि यह हमला आपसी लेनदेन के विवाद को लेकर हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

