
बाराबंकी (भोलानाथ मिश्र/ पीयूष मिश्र) पति पत्नी के मध्य झगड़े में 112 डायल पुलिस के माध्यम से कोतवाली पहुंचे युवक को धीरे से शराब का तस्कर बनाकर उसकी पत्नी को बुलवा कर जमानत पर निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
मामला कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम वजीउद्दीनपुर निवासी विनोद कुमार गुप्ता से जुड़ा हुआ है। विनोद दिल्ली में मजदूरी करता है और धान की रोपाई करने के लिए छुट्टी लेकर गत 4 जुलाई को घर आया था।23 जुलाई को रात में उसका झगड़ा पत्नी से हो गया और उसने गुस्से में आकर पत्नी को दो हाथ मार दिया। पत्नी के चिल्लाने पर उसके चचेरे भाई ने 112 नम्बर डायल कर पुलिस को बुला लिया और वह उसे पकड़कर कोतवाली ले आई।
पीड़ित विनोद के मुताबिक कोतवाली में उसे लाकप में बंद कर दिया गया और दूसरे दिन 24 उससे कहा गया कि अपनी पत्नी को बुलवाकर सुलह कर लो तो तुम्हें छोड़ दिया जायेगा। पीड़ित के अनुसार जब उसने अपनी पत्नी को थाने बुलाया तो उससे कुछ सादे कागजों पर भविष्य में झगड़ा न करने की हिदायत देकर हस्ताक्षर बनवाकर दिन में करीब तीन बजे उसे छोड़ दिया गया।जब वह पत्नी के साथ लौट कर घर आया तो दूसरे दिन उसे लोगों ने बताया कि मोबाइल पर पब्लिक ऐप पर तुम्हारे बारे में समाचार आया है जिसमें लिखा है कि तुम्हारे पास बीस लीटर अवैध शराब बरामद हुई है।यह सुनकर वह हक्का बक्का रह गया और परेशान हो उठा। उसने बताया कि उसने तत्काल इसकी शिकायत मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री एवं उपजिलाधिकारी से करते हुए मामले की जांच कराने का अनुरोध किया है। उसने कहा कि उसके इसकी पुनः शिकायत मुख्यमंत्री एवं पुलिस अधीक्षक से की है। उसने कहा कि शराब बरामदगी की खबर प्रसारित होने एवं पुलिस की धोखाधड़ी से उसकी समाजिक बदनामी हुई है जिससे वह बहुत परेशान है और दिमाग काम नहीं कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार पीआरवी पुलिस राजकरन की सूचना पर गांव गई थी जहां पर पति पत्नी के मध्य झगड़ा हुआ था। पीआरवी पुलिस आरोपी पति विनोद कुमार को अपने साथ कोतवाली ले आई थी और गौरव नामक मुंशी की सुपुर्दगी में देकर वापस लौट आई थी।पीआरवी अभिलेखों में उक्त सूचना 7127 पर दर्ज बताई जा रही है।सवाल यह उठता है कि जब विनोद पति पत्नी के विवाद में पुलिस हिरासत में था तो वह अवैध शराब लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक ढाबे के पास बाग में कैसे पहुंच गया ? इस सम्बन्ध में पुलिस उपाधीक्षक रघुबीर सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।

