बांसवाड़ा। संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बुधवार को छोटी सरवन क्षेत्र का दौरा कर मौके पर ही जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने परिवादियों से सीधे संवाद कर समस्याओं की विस्तार से जानकारी ली तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परिवादी नितेश सोनी ने पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत सब्सिडी से जुड़ा मामला रखा, जिस पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की तथ्यात्मक जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। वहीं देवीलाल ने क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने से उत्पन्न विद्युत समस्या से अवगत कराया। इस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। मौके पर ही प्रारंभ हुई कार्रवाई से परिवादियों ने संतोष व्यक्त किया।
इसके अतिरिक्त स्थानीय नागरिकों ने पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्या उठाई। इस पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) को आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त वाटर सप्लाई पॉइंट स्थापित करने तथा नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक परिवाद का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो।
दौरे के दौरान उपखण्ड अधिकारी, छोटी सरवन प्रकाश चंदेलिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और समन्वय के साथ समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
डॉ. इंद्रजीत यादव का छोटी सरवन दौरा, संपर्क परिवादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
Leave a Comment
Leave a Comment

