घर के बाहर खड़ी कार, उत्तराखंड के टोल प्लाजा पर कट गया FASTag!

pnpandey

बांसवाड़ा के अमरदीप नगर का मामला, वाहन मालिक हैरान—बिना यात्रा किए खाते से कटे 55 रुपये
बांसवाड़ा। FASTag व्यवस्था में कथित गड़बड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के अमरदीप नगर में घर के बाहर खड़ी एक कार के FASTag खाते से कथित तौर पर उत्तराखंड स्थित कुंडेला टोल प्लाजा पर 55 रुपये का टोल अपने आप कट गया। वाहन मालिक का कहना है कि जिस समय टोल काटा गया, उस समय उनकी कार घर के बाहर ही खड़ी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या RJ03UA7071 के FASTag से 6 अगस्त 2026 को सुबह 7:35:33 बजे 55 रुपये का भुगतान होने का संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में कुंडेला टोल पर भुगतान होने तथा FASTag खाते में 359 रुपये शेष रहने की जानकारी दी गई है।
वाहन मालिक के अनुसार कार बांसवाड़ा के अमरदीप नगर में मौजूद थी और उत्तराखंड गई ही नहीं। ऐसे में सैकड़ों किलोमीटर दूर स्थित टोल प्लाजा पर उसी वाहन के FASTag से राशि कटने ने FASTag की सुरक्षा और टोल व्यवस्था की तकनीकी निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सवाल—बांसवाड़ा में खड़ी गाड़ी का उत्तराखंड में कैसे कटा टोल?
यह मामला केवल 55 रुपये का नहीं, बल्कि FASTag प्रणाली की विश्वसनीयता से जुड़ा है। यदि वाहन संबंधित टोल प्लाजा से गुजरा ही नहीं तो उसके FASTag खाते से राशि किस आधार पर काटी गई? क्या किसी दूसरे वाहन पर समान या फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल हो रहा है, FASTag की गलत मैपिंग हुई है अथवा टोल प्लाजा की तकनीकी प्रणाली में कोई त्रुटि है—इसकी जांच आवश्यक है।
पीड़ित वाहन मालिक ने संबंधित FASTag सेवा प्रदाता और टोल प्रबंधन से मामले की जांच कर गलत तरीके से काटी गई राशि वापस करने तथा यह पता लगाने की मांग की है कि RJ03UA7071 के नाम पर दूसरे राज्य में टोल भुगतान आखिर कैसे दर्ज हुआ।
खबरें खटाखट
जनहित से जुड़े ऐसे मामलों में वाहन मालिकों को FASTag लेन-देन के संदेश नियमित रूप से जांचने और संदिग्ध कटौती मिलने पर तत्काल संबंधित बैंक/FASTag प्रदाता एवं टोल हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता है।

Share This Article
Leave a Comment