आरक्षण की लॉटरी ने खोले चुनावी पत्ते, बांसवाड़ा में बदला सियासी समीकरण

pnpandey

आ

60 वार्डों में 25 वार्ड आरक्षित वर्गों के लिए, 20 पर महिलाओं की दावेदारी तय; कई संभावित उम्मीदवारों की बदलेगी रणनीति

बांसवाड़ा। नगर परिषद चुनाव की तैयारियों के बीच वार्ड आरक्षण की लॉटरी ने शहर का चुनावी गणित बदल दिया है। नगर परिषद के 60 वार्डों का आरक्षण तय होने के साथ ही अब संभावित प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों में राजनीतिक समीकरणों को नए सिरे से देखना शुरू कर दिया है। आरक्षण की सूची सामने आने के बाद कहीं पुराने दावेदारों की राह आसान हुई है तो कहीं टिकट की दौड़ में नए चेहरे सामने आने की संभावना बढ़ गई है।

लॉटरी के मुताबिक नगर परिषद के 60 वार्डों में 4 वार्ड अनुसूचित जाति (SC), 9 वार्ड अनुसूचित जनजाति (ST) और 12 वार्ड अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा 35 वार्ड अनारक्षित रखे गए हैं।

इन वार्डों में SC आरक्षण

अनुसूचित जाति के लिए वार्ड 20, 21, 23 और 29 आरक्षित हैं। इनमें वार्ड 23 SC महिला के लिए निर्धारित किया गया है। बाकी तीन वार्ड SC श्रेणी में खुले हैं।

ST के 9 वार्ड

अनुसूचित जनजाति के लिए वार्ड 1, 2, 3, 15, 16, 17, 34, 46 और 55 आरक्षित किए गए हैं। इनमें वार्ड 2, 15 और 34 ST महिला के लिए आरक्षित हैं। शेष वार्ड ST श्रेणी में हैं।

OBC के 12 वार्ड

अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए वार्ड 5, 8, 10, 12, 13, 25, 31, 35, 47, 53, 54 और 58 आरक्षित किए गए हैं। इनमें वार्ड 8, 12, 31 और 53 OBC महिला के लिए आरक्षित हैं।

35 वार्डों में खुला मैदान

आरक्षण के बाद 35 वार्ड अनारक्षित श्रेणी में हैं। इनमें 23 अनारक्षित सामान्य और 12 अनारक्षित महिला वार्ड हैं। इस तरह अलग-अलग श्रेणियों को मिलाकर कुल 20 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।

आरक्षण की घोषणा के बाद अब सबसे बड़ा असर संभावित प्रत्याशियों पर दिखाई देगा। जिन दावेदारों ने लंबे समय से अपने वार्ड में जनसंपर्क शुरू कर रखा था, उनमें से कई को आरक्षण के कारण अपना वार्ड या चुनावी रणनीति बदलनी पड़ सकती है। वहीं महिला आरक्षण वाले वार्डों में राजनीतिक दलों को नए चेहरों की तलाश करनी होगी।

लॉटरी ने आरक्षण तो तय कर दिया है, लेकिन अब असली मुकाबला प्रत्याशियों के चयन और टिकट वितरण को लेकर शुरू होगा। आने वाले दिनों में नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर की राजनीति और अधिक गरमाने की संभावना है।

Share This Article
Leave a Comment