बांसवाड़ा।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की जिला शाखा बांसवाड़ा की ओर से ग्राहक जागरण पखवाड़ा का शुभारंभ मंगलवार, 16 दिसंबर 2025 को नई आबादी स्थित ग्राहक सेवा एवं मार्गदर्शन केंद्र पर आयोजित जिला स्तरीय बैठक के साथ किया गया। बैठक में चित्तौड़ प्रांत सचिव लक्ष्मीकांत भावसार मुख्य अतिथि तथा जिला अध्यक्ष बापूलाल गर्ग अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्य अतिथि लक्ष्मीकांत भावसार ने उपभोक्ताओं के अधिकारों, हितों और संरक्षण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्राहकों में जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझने और संगठित होकर शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया।
जिला सचिव खुश व्यास ने जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा प्रतिवर्ष 16 दिसंबर से 31 दिसंबर तक 15 दिवसीय ग्राहक जागरण पखवाड़ा देशभर में मनाया जाता है। बांसवाड़ा जिले में इस पखवाड़े का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान राष्ट्रीय ग्राहक दिवस का आयोजन, कोटा में आयोजित प्रांतीय कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग में सहभागिता, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ग्राहक गोष्ठियों का आयोजन तथा जिले में व्याप्त उपभोक्ता समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
बैठक के दौरान जिले में उपभोक्ताओं से जुड़े विभिन्न गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष बापूलाल गर्ग ने एयरलाइंस इंडिगो द्वारा हजारों उड़ानें रद्द किए जाने से ग्राहकों को हुए आर्थिक नुकसान, मानसिक तनाव और सामाजिक प्रतिष्ठा को पहुंची क्षति पर चिंता व्यक्त की। एडवोकेट दिनेश जोशी ने दूध एवं छाछ की पैकेजिंग थैलियों पर एमआरपी से अधिक राशि वसूली, अवधि पार दूध-दही की बिक्री का मुद्दा उठाया।
गजेंद्र प्रसाद गौड़ ने जिले में स्टांप विक्रेताओं द्वारा अंकित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत रखी, जबकि एडवोकेट पंकज बरोडीया ने पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं में अनियमितताओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। जिला सचिव खुश व्यास ने गैस डीलरों एवं हॉकरों द्वारा कम गैस देना, सिलेंडरों में लीकेज तथा नाप-तोल मशीन उपलब्ध नहीं होने की समस्याएं सामने रखीं। वहीं लक्ष्मीकांत भावसार ने जिला उपभोक्ता प्रतितोष आयोग के भवन की मरम्मत, रंग-रोगन एवं साइन बोर्ड लगाए जाने की आवश्यकता बताई।
बैठक का संचालन सचिन खुश व्यास ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन दिनेश जोशी द्वारा किया गया। ग्राहक पंचायत ने स्पष्ट किया कि ग्राहक जागरण पखवाड़े के दौरान जिलेभर में उपभोक्ता हितों की रक्षा के लिए निरंतर अभियान चलाया जाएगा।
ग्राहक जागरण पखवाड़ा शुरू, उपभोक्ता हितों को लेकर ग्राहक पंचायत हुई मुखर
Leave a Comment
Leave a Comment

