लोकेशन: बारां (राज.)
बारां। बारां सदर थाना क्षेत्र के आकेड़ी गांव में रविवार को उस समय तनाव फैल गया, जब संवेदना व्यक्त करने पहुंचे नरेश मीणा की गाड़ी से जुड़ी घटना के बाद हालात बेकाबू हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार नरेश मीणा की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए।
घटना के बाद नरेश मीणा ने सोशल मीडिया के माध्यम से बयान जारी कर तोलाराम मीणा पर अपनी गाड़ी पर हमला करवाने का आरोप लगाया और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में नरेश मीणा के समर्थक आकेड़ी गांव पहुंच गए और हंगामा शुरू हो गया।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने का प्रयास किया। वहीं दूसरी ओर सरपंच तोलाराम मीणा ने आरोप लगाया कि नरेश मीणा के समर्थकों ने उनके मकान पर हमला किया और उनकी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया।
मामले को लेकर हरिराम सोनी ने बताया कि नरेश मीणा तिये की बैठक में आकेड़ी गांव पहुंचे थे, जहां सरपंच तोलाराम के समर्थकों द्वारा नरेश मीणा की गाड़ी को टक्कर मारी गई। इसके बाद नरेश मीणा के समर्थक बड़ी संख्या में गांव पहुंचे और सरपंच तोलाराम मीणा की गाड़ी में आग लगा दी।
डीएसपी सोनी के अनुसार, घटना की शुरुआत सरपंच पक्ष से मानी जा रही है, जिसके चलते सरपंच तोलाराम मीणा सहित सात-आठ समर्थकों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, जिस प्रकार की रिपोर्ट सामने आएगी, उसके आधार पर नरेश मीणा के समर्थकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
आकेड़ी में बवाल, सरपंच की गाड़ी जली; दो पक्षों में टकराव के बाद कई हिरासत में
Leave a Comment
Leave a Comment

