अमृत भारत योजना के तहत राजगढ़ स्टेशन पर हो रहे कार्यों का अधिकारियों ने लिया जायजा
राजगढ़ (अलवर)।
राजगढ़ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण करने के लिए शुक्रवार को रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी स्टेशन पहुँचे। यह दौरा अमृत भारत योजना के तहत हो रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया।
विशेष ट्रेन से पहुंचे अधिकारियों में डिप्टी चीफ इंजीनियर पवन कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकिरण, मुख्य परियोजना प्रबंधक पीयूष जोशी सहित कई अन्य उच्चाधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में बने नए वेटिंग हॉल, बुकिंग कार्यालय, टिकट काउंटर, पोर्च और सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित इंजीनियरों और ठेकेदारों से कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों में भी रेलवे अधिकारियों की इस पहल को लेकर उत्साह देखा गया। लोगों को उम्मीद है कि पुनर्विकास के बाद राजगढ़ स्टेशन क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

