बांसवाड़ा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को जिले के तीन चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण सुबह 10:30 बजे गोपीनाथ का गड़ा स्थित चिकित्सा संस्थान से शुरू हुआ, जहां चार कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। स्टाफ ने बताया कि कार्मिक सरकारी कार्य से ब्लॉक कार्यालय और फील्ड में गए हुए हैं, हालांकि सीएमएचओ ने सभी को उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए और एक साथ बाहर जाने की आवश्यकता पर सवाल उठाया।
निरीक्षण के दौरान दवा वितरण कक्ष में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियमों की पालना करने और कोल्ड चेन रजिस्टर उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
इसके बाद सीएमएचओ डडूका स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचे। यहां आईईसी प्रदर्शनी को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए, जबकि बायोमेडिकल वेस्ट का प्रोटोकॉल के अनुसार संधारण नहीं मिलने पर असंतोष व्यक्त किया गया।
सुबह 11:34 बजे परतापुर के नवापादर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (जनता क्लिनिक) में भी निरीक्षण किया गया। यहां रिकॉर्ड संधारण व्यवस्थित नहीं मिलने पर सीएमएचओ ने सख्त नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान चार कार्मिक अनुपस्थित मिले, जिनमें से एक बाद में उपस्थित हो गया। चिकित्सक ने बताया कि संबंधित कार्मिक ने आधे दिन का अवकाश आवेदन किया था। सभी अनुपस्थित कार्मिकों के कॉलम में अनुपस्थिति दर्ज की गई।
जनता क्लिनिक में दवाओं का भंडारण भी अव्यवस्थित पाया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि रिकॉर्ड संधारण, दवा प्रबंधन और नियमों की पालना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्तमान में यह क्लिनिक अस्थायी रूप से आंगनबाड़ी केंद्र में संचालित हो रहा है।
wसीएमएचओ का तीन चिकित्सा संस्थानों में औचक निरीक्षण, रिकॉर्ड अव्यवस्थित मिलने पर जताई सख्त नाराजगी
Leave a Comment
Leave a Comment

