CWG 2022: पीएम मोदी को कॉमनवेल्थ गेम्स के खिलाड़ियों ने दिए खास तोहफे,

pnpandey

भारतीय खिलाड़ियों ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में (Commonwealth Games 2022) शानदार प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सम्मानित किए जाने पर खुशी और आभार व्यक्त किया, जिसमें निकहत जरीन ने उन्हें मुक्केबाजी ‘ग्लव्ज’ और स्प्रिंटर हिमा दास ने पारपंरिक असमी गमछा उपहार में दिया.

मोदी ने शनिवार को अपने निवास पर भारतीय दल की मेजबानी की और खिलाड़ियों को सम्मानित किया. भारतीय खिलाड़ियों ने बर्मिंघम में शानदार प्रदर्शन करते हुए 61 मेडल हासिल किए, जिसमें 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है. भारत ओवरऑल मेडल टैली में चौथे स्थान पर रहा.

मुक्केबाज निकहत ने ट्वीट किया, ‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सर को सभी मुक्केबाजों के हस्ताक्षर किए हुए मुक्केबाजी ‘ग्लव्ज’ उपहार में देने से सम्मानित महसूस कर रही हूं. इस शानदार मौके के लिए आपका शुक्रिया. देश को गौरवान्वित करने वाले अपने साथी खिलाड़ियों के साथ शानदार दिन बिताया. वर्ल्ड चैम्पियनशिप की गोल्ड मेडलिस्ट मुक्केबाज निकहत ने बर्मिंघम में अपने वजन वर्ग में गोल्ड मेडल जीता था.

यह असम की कृतज्ञता से भरा

हिमा ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की बदौलत हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आर्शीवाद प्राप्त करके उत्साहित हूं. भाग्यशाली हूं कि उन्हें हमारा पारपंरिक गमछा उपहार में पेश किया, जो पूरे असम की कृतज्ञता से भरा है.’ टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक सिल्वर जीतने के एक साल बाद कॉमनवेल्थ में गोल्ड मेडल जीतने वाली चैम्पियन भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने प्रधानमंत्री को उनकी प्रोत्साहन भरी बातों के लिए धन्यवाद कहा. चानू ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सर से मिलने और बातचीत करने के बाद सम्मानित महसूस कर रही हूं. आपके समर्थन और प्रोत्साहन के लिए शुक्रिया सर. जय हिंद.

बात करना शानदार रहता है

प्रधानमंत्री ने भारतीय दल का अभिनंदन करते हुए शनिवार को कहा कि भारतीय खेलों का स्वर्णिम काल दस्तक दे रहा है और अच्छे प्रदर्शन पर संतोष करके चुप नहीं बैठना है. बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग शेट्टी ने ‘माइक्रोब्लागिंग साइट’ पर लिखा कि अपना कीमती वक्त निकालने और हमें अपने निवास पर आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद सर. आपके साथ बात करना हमेशा ही शानदार रहता है.

उनके युवा बैडमिंटन साथी लक्ष्य सेन ने भी प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने पर आभार व्यक्त किया. उन्होंने ट्वीट किया कि सभी खिलाड़ियों के लिए कितना शानदार दिन रहा, आभार. हमारी कड़ी मेहनत की प्रशंसा करने और प्रोत्साहन भरे शब्दों के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद. हम सभी आपके समर्थन के आभारी हैं. अपने देश को गौरवान्वित करना जारी रखेंगे. जय हिंद.

स्टार पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक बार फिर मिलना, उनसे बातचीत करना और उनका आर्शीवाद लेना हमेशा की तरह प्रेरणादायी रहा. हमारे प्रदर्शन में उनकी दिलचस्पी और इसके बारे में विस्तृत बातचीत बहुत ही संतुष्टि देती है.

Share This Article
Leave a Comment