रन फॉर राजस्थान” कार्यक्रम में बड़ी लापरवाही, प्रतिभागियों को बांटे गए एक्सपायरी बिस्किट

pnpandey

बाड़मेर। राजस्थान दिवस के अवसर पर आयोजित “विकसित राजस्थान – रन फॉर राजस्थान” कार्यक्रम में प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। युवाओं में उत्साह और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस दौड़ में हजारों युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया, लेकिन कार्यक्रम के समापन के बाद हुई एक घटना ने पूरे आयोजन पर सवाल खड़े कर दिए।
दौड़ समाप्त होने के बाद प्रतिभागियों को अल्पाहार के रूप में केले और बिस्किट वितरित किए गए। इसी दौरान कुछ प्रतिभागियों की नजर बिस्किट के पैकेट पर छपी एक्सपायरी डेट पर पड़ी, जिससे पता चला कि कुछ पैकेट की समय सीमा समाप्त हो चुकी थी। यह जानकारी सामने आते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद प्रतिभागियों और लोगों में नाराजगी फैल गई।
प्रतिभागियों का कहना था कि जिस प्रशासन से यह उम्मीद की जाती है कि वह बाजार में एक्सपायरी या खराब खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाएगा, उसी प्रशासन द्वारा सार्वजनिक कार्यक्रम में ऐसा सामान वितरित किया जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। लोगों ने इसे स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया।
इस मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यदि किसी प्रतिभागी ने इन बिस्किटों का सेवन कर लिया होता और उसकी तबीयत बिगड़ जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता।
मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने पूरे प्रकरण की जांच करवाने और संबंधित दुकान या आपूर्तिकर्ता के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। हालांकि लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं। अब देखना यह होगा कि मामले में वास्तविक जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है या यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह समय के साथ ठंडे बस्ते में चला जाता है।

Share This Article
Leave a Comment