दिल्ली में व्यापारियों के हित में ऐतिहासिक कदम: ‘व्यापारी कल्याण बोर्ड’ के गठन की घोषणा, व्यापारिक समुदाय ने जताया आभार

pnpandey

दिल्ली में व्यापारियों के हित में ऐतिहासिक कदम: ‘व्यापारी कल्याण बोर्ड’ के गठन की घोषणा, व्यापारिक समुदाय ने जताया आभार

नई दिल्ली।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा राजधानी दिल्ली के सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में एक भव्य “धन्यवाद सभा” का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता को ‘व्यापारी कल्याण बोर्ड’ के गठन की घोषणा के लिए दिल्ली के व्यापारिक समुदाय की ओर से सार्वजनिक रूप से अभिनंदन व आभार प्रकट किया गया।

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकर ठक्कर ने इस निर्णय को दिल्ली के व्यापारियों की समस्याओं को दूर करने में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि यह बोर्ड व्यापारियों की समस्याओं के स्थायी समाधान, पारदर्शिता व सुगमता लाने का कार्य करेगा।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा,

“मुख्यमंत्री द्वारा दिल्ली में पुलिस लाइसेंस की अनिवार्यता को समाप्त करने व व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन की घोषणा एक ऐतिहासिक निर्णय है, जिससे व्यापारियों को अनावश्यक उत्पीड़न और भ्रष्टाचार से राहत मिलेगी।“

व्यापारियों की प्रमुख मांगे

सभा के दौरान प्रवीण खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री को एक आग्रह-पत्र भी सौंपा, जिसमें व्यापारियों से जुड़े प्रमुख मुद्दों के समाधान हेतु 12 महत्वपूर्ण बिंदु रखे गए:

  1. लगभग 13,000 दुकानों से की गई सीलिंग को तुरंत हटाया जाए और भविष्य में सीलिंग से पहले सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए।
  2. 351 सड़कों को कमर्शियल या मिक्स्ड लैंड यूज में अधिसूचित किया जाए।
  3. प्रॉपर्टी टैक्स स्कूटनी की सीमा अधिकतम तीन वर्ष तक की जाए।
  4. यूज़र चार्ज को पूर्ण रूप से समाप्त किया जाए।
  5. स्टोरेज लाइसेंस समाप्त किए जाएं या इनकी दरों में कमी की जाए तथा हाल की वृद्धि को रद्द किया जाए।
  6. आउटडोर एडवर्टाइजमेंट पॉलिसी में दुकानदारों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
  7. मास्टर प्लान 2041 की समीक्षा केंद्र सरकार के सहयोग से की जाए।
  8. पुरानी हाउसिंग सोसाइटियों का एफएआर बढ़ाने की पहल की जाए।
  9. रामलीलाओं को भूमि व बिजली की मुफ्त सुविधा दी जाए।
  10. औद्योगिक क्षेत्रों में सुधार के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए।
  11. पुरानी दिल्ली के थोक बाजारों के कायाकल्प हेतु ‘इंद्रप्रस्थ विकास प्राधिकरण’ का गठन किया जाए।
  12. ट्रैफिक, पार्किंग, अवैध निर्माण, अतिक्रमण, जीएसटी और टैक्स प्रणाली जैसी समस्याओं को व्यापारी कल्याण बोर्ड के माध्यम से हल किया जाए।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता थीं। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा, केंद्र सरकार के मंत्रीगण, सांसदगण, वरिष्ठ अधिकारी और दिल्ली के विभिन्न व्यापारी संगठनों के लगभग 2500 प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सभा में दिल्ली के व्यापारिक संगठनों ने मुख्यमंत्री के निर्णय की सराहना करते हुए इसे “नई दिल्ली के व्यापारिक इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय” बताया।


✍🏻 खबरें खटाखट | नई दिल्ली

Share This Article
Leave a Comment