कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक प्रदेश में कर्फ्यू रहेगा. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए यह जानकारी दी है.
जयपुर. प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर राज्य सरकार ने गुरुवार रात को एक आपात बैठक बुलाई. बैठक में राज्य में शुक्रवार शाम 6 बजे से लेकर सोमवार सुबह 5 बजे तक के लिए कर्फ्यू लगाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. इस कर्फ्यू के दौरान पहले से चल रहे नाइट कर्फ्यू में छूट की श्रेणी वाली सेवाओं में फल सब्जी, दूध, एलपीजी और बैंकिंग सेवाओं को भी शामिल किया गया है. इन सेवाओं में कर्फ्यू के दौरान छूट रहेगी.
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का ट्वीट
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास पर देर रात तक चली बैठक में यह निर्णय लिया गया है. इस बैठक में मुख्य सचिव निरंजन आर्य डीजीपी एम एल लाठर के साथ अन्य अफसर शामिल हुए. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी.
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आमजन से कर्फ्यू के दौरान सहयोग करने और कोविड-19 एप्रोप्रिएट बिहेवियर की पालना करने की अपील की है. पहले प्रदेश के 17 जिलों में कोरोना के अधिक मामले सामने आ रहे थे लेकिन पिछले कुछ दिनों में सभी जिलों में संक्रमण तेजी से फैला है. अब प्रदेश में कोरोना के 6,658 नए मामले और 33 मौते हुईं हैं. इसलिए वीकेंड कर्फ्यू का सख्त फैसला लिया गया है. वहीं शादी समारोह में 50 व्यक्ति की अनुमति दी गई है. इसके अलावा अंतिम संस्कार में केवल 20 लोग शामिल हो सकेंगे.


