शिमला और दिल्ली के बीच हवाई सेवा दो वर्ष के अंतराल के बाद कल फिर शुरू हो गई

pnpandey

शिमला और दिल्ली के बीच हवाई सेवा दो वर्ष के अंतराल के बाद कल फिर शुरू हो गई

 –

September 27, 2022

शिमला और दिल्ली के बीच हवाई सेवा दो वर्ष के अंतराल के बाद कल फिर शुरू हो गई। हिमाचल प्रदेश के मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने जब्‍बारहट्टी में शिमला हवाई अड्डे से एलाइंस एअर के विमान को झंडी दिखाकर नियमित उड़ान सेवा की शुरूआत की। नागरिक उड्डयन राज्‍य मंत्री जनरल वी.के. सिंह ने नई दिल्‍ली से वीडियो कांफ्रेंस के माध्‍यम से इस कार्यक्रम में भाग लिया।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्‍य के लिए हवाई सेवा एक बड़ी चुनौती रही है और राज्‍य सरकार इस दिशा में हर संभव प्रयास कर रही है। उन्‍होंने कहा कि तकनीकी कारणों से करीब दो साल तक विमान शिमला हवाईअड्डे से उड़ान नहीं भर पा रहे थे। श्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्‍य सरकार के प्रयासों और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सहयोग से एलाइंस एयर सप्‍ताह के सातों दिन के शिमला और दिल्‍ली के बीच विमान सेवा संचालित करेगी।

श्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा शुरू की गई उड़ान योजना के अंतर्गत 50 प्रतिशत सीटों का कि‍राया सब्‍सिडी के साथ दो हजार चार सौ अस्‍सी रुपये होगा। उन्‍होंने कहा कि इस पहल से राज्‍य में पर्यटन गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा।

Share This Article
Leave a Comment