लूट की वारदात का मात्र 6 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
दिनदहाड़े व्यापारी के घर में घुस लूट की वारदात का मात्र 6 घंटे में खुलासा, चार आरोपी बापर्दा गिरफ्तार
बाड़मेर 29 अगस्त। कस्बा समदड़ी निवासी व्यापारी के घर में दिनदहाड़े घुस कर महिला के साथ मारपीट कर सोने चांदी के जेवरात लूटने की घटना का थाना पुलिस ने मात्र 6 घंटे में ही खुलासा कर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
बापर्दा गिरफ्तार आरोपी
बाड़मेर एसपी दीपक भार्गव ने बताया कि लूट की इस वारदात में शामिल चारों आरोपी भलरो का बाड़ा थाना समदड़ी के रहने वाले हैं। इनमें बुधाराम सैनी पुत्र जसाराम (24), सुरेश राणा पुत्र सोहन लाल भील (21) एवं कमलेश उर्फ सुरेंद्र सरगरा पुत्र खेताराम (23) को देर रात पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया था चौथे आरोपी गोविंद उर्फ खेताराम भील पुत्र बंशी लाल (22) को भी आज सुबह उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं नकबजनी के मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी भार्गव ने बताया कि रविवार को करीब 6:30 बजे कस्बा समदड़ी निवासी व्यापारी अमृतलाल जैन के घर चार युवक जबरदस्ती घुस गये और व्यापारी की पत्नी के विरोध करने पर चाकू से जख्मी कर शरीर पर पहने गहने लूट कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सीओ बालोतरा धनफूल मीणा और थानाधिकारी दाऊद खान मय टीम के तुरंत मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ एवं सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों के हुलिए के आधार पर तलाश शुरू की गई। मात्र 6 घंटे में ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए युवक नशेड़ी प्रवृत्ति के हैं। पिछले 5-7 दिनों से लूट की प्लानिंग बना रहे थे। रविवार को दिन में करीब 5 बजे से ये घटना के आसपास रेकी कर रहे थे। गली के बाहर सन्नाटा होने पर व्यापारी के घर में घुसे और लूट की वारदात कर बाइक से फरार हो गए। रास्ते में ओवर स्पीड से बाइक गिर गई जिससे बुधाराम के चोटें आई। गिरफ्तार बदमाशों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी में कॉन्स्टेबल चालक श्रवण सिंह की सराहनीय भूमिका रही ।


