रामनवमी पर नागौर में भव्य शोभायात्रा, इंटरनेशनल रेसलर द ग्रेट खली होंगे शामिल
नागौर। आगामी 6 अप्रैल को रामनवमी के अवसर पर नागौर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें विश्व हिंदू परिषद के मार्गदर्शन और सर्व सनातन समाज की सहभागिता से श्रीरामनवमी महोत्सव समिति के तत्वावधान में कार्यक्रम होगा। आयोजन समिति एवं विभिन्न संगठनों के लोग शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए जुटे हुए हैं, और इसमें आमजन का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
शोभायात्रा में नागौर से 30 किमी की परिधि क्षेत्र के ग्रामीणों को आमंत्रित किया गया है। यात्रा में सजीव झांकियों, सामाजिक सहयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के तहत शोभायात्रा मार्ग में तांबे के लोटे और गैर प्लास्टिक पात्रों का उपयोग किया जाएगा। नागौर के बाजार भी रामनवमी महोत्सव को लेकर सजे हुए हैं।
शोभायात्रा का शुभारंभ रविवार शाम 4 बजे खत्रीपुरा स्कूल मैदान से होगा और यात्रा बख्त सागर तालाब स्थित जलेश्वर महादेव पार्क पर संपन्न होगी। इस दौरान शिव बारात में विशाल नंदी पर सवार शिव-पार्वती, पंजाबी बैंड, बाहुबली हनुमान, 21 शंख वादकों का घोष, स्थानीय ढोल वादकों की प्रस्तुति और श्रृंगारित ऊंट, बैल, हाथी प्रमुख आकर्षण होंगे। हाथी पर सवार राम दरबार की झांकी शोभायात्रा में सबसे आगे रहेगी।
शोभायात्रा में अंतरराष्ट्रीय रेसलर ‘द ग्रेट खली’ विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष सूरजमल भाटी ने बताया कि शोभायात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए 10 हजार पत्रक बांटे गए हैं। इससे पहले, आयोजन की पूर्व तैयारियों के तहत बुधवार को महिलाओं की वाहन रैली निकाली गई थी।

