राजधानी एक्सप्रेस में आग के बाद यात्रियों का हंगामा, 6 घंटे देरी से कोटा पहुंची ट्रेन

pnpandey

कोटा रेल मंडल के विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास रविवार को त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने की घटना के बाद ट्रेन करीब 6 घंटे की देरी से कोटा रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के कोटा पहुंचते ही यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। यात्रियों ने रेलवे पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए तथा कोच में हुए नुकसान की भरपाई को लेकर सवाल उठाए।
जानकारी के अनुसार आग लगने की घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित बी-1 कोच को अलग किया गया। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए राजधानी एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त कोच और एसएलआर कोच जोड़ा। बी-1 कोच में सफर कर रहे यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट किया गया, लेकिन कई यात्रियों ने अव्यवस्था और असुविधा को लेकर नाराजगी जाहिर की।
कोटा रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों को घेर लिया और कहा कि उनके सामान, दस्तावेज और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा है, जिसकी जिम्मेदारी रेलवे को लेनी चाहिए। कुछ यात्रियों ने यह भी मांग की कि मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो तथा घटना की एफआईआर दर्ज कराई जाए।
यात्रियों का कहना था कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद रेलवे की ओर से समय पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। वहीं कई यात्री भय और असुरक्षा के चलते ट्रेन से आगे यात्रा करने को तैयार नहीं हुए और कोटा स्टेशन पर ही उतर गए। कुछ यात्रियों ने साफ कहा कि जब तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होगी, वे आगे सफर नहीं करेंगे।
इधर रेलवे प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ट्रेन में मेडिकल टीम, आरपीएफ जवान और अन्य रेलवे कर्मचारियों को दिल्ली तक साथ भेजा गया है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि घटना की जांच कराई जाएगी और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। यात्रियों और उनके परिजनों में दहशत देखी गई। रेलवे प्रशासन अब आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment