मतगणना की तैयारी प्रारंभ पहले किशनपोल का परिणाम और सबसे अंत में झोटवाड़ा का परिणाम आने की संभावना है।

pnpandey

मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब जिला प्रशासन ने मतगणना की तैयारी प्रारंभ कर दी है। मतगणना 3 दिसंबर को होगी। जयपुर की 19 विधानसभा सीटों में से 10 सीटों की मतगणना कॉमर्स कॉलेज में और 9 विधानसभा सीटों की मतगणना राजस्थान कॉलेज में होगी। सबसे पहले किशनपोल का परिणाम और सबसे अंत में झोटवाड़ा का परिणाम आने की संभावना है। राजस्थान कॉमर्स कॉलेज में चौमूं, फुलेरा, चाकसू, किशनपोल, विद्याधर नगर, आमेर, विराटनगर, जमवारामगढ़, बस्सी एवं शाहपुरा सहित कुल 10 विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम सामग्री का संग्रहण किया गया है। यहां इन सीटों की मतगणना की जाएगी। वहीं राजस्थान कॉलेज में झोटवाड़ा, बगरू, दूदू, सांगानेर, आदर्श नगर, सिविल लाइन्स, मालवीय नगर, हवामहल एवं कोटपूतली सहित कुल 9 विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम का संग्रहण किया गया है। यहां इन सीटों की मतगणना होगी। किशनपोल में सबसे कम और झोटवाड़ा में सबसे अधिक बूथ है। इसलिए किशनपोल का परिणाम सबसे पहले और झोटवाड़ा का सबसे अंत में आने की संभावना है। कोटपूतली में 224, विराटनगर में 226, शाहपुरा में 213, चौमूं में 228, फुलेरा में 253, दूदू में 270, झोटवाड़ा में 360, आमेर में 274, जमवारामगढ़ में 239, हवामहल में 222, विद्याधर नगर में 283, सिविल लाइन्स में 209, किशनपोल में 169, आदर्श नगर में 228, मालवीय नगर में 186, सांगानेर में 304, बगरू में 315, बस्सी में 252 एवं चाकसू विधानसभा क्षेत्र में 236 बूथ है।

Share This Article
Leave a Comment