भीलवाड़ा में दर्दनाक हादसा: अंतिम संस्कार के बाद नदी में नहाने गए सात युवक डूबे, तीन की मौत, चार गंभीर
भीलवाड़ा/शाहपुरा।
भीलवाड़ा जिले की शाहपुरा पंचायत समिति के फूलिया कलां गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। जयपुर के शिवदासपुरा में 14 सितंबर को हुए कार हादसे में सात लोगों की मौत के शोक में गांव में अंतिम संस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। अंतिम संस्कार के बाद शोक संतप्त ग्रामीण और परिजन खारी नदी के एनिकट पर नहाने पहुंचे, जहां सात युवक पानी में डूब गए। इनमें से तीन की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार पीढ़ियों का अंतिम संस्कार, फिर नई त्रासदी
गौरतलब है कि रविवार को जयपुर के शिवदासपुरा में सड़क दुर्घटना में फूलिया कलां निवासी अशोक वैष्णव, उनकी पत्नी सीमा देवी, बेटा रोहित और पोता गजराज समेत कुल सात लोगों की मृत्यु हो गई थी। सोमवार सुबह फूलिया कलां गांव के श्मशान घाट पर अशोक वैष्णव व उनके परिवार के चार सदस्यों का अंतिम संस्कार किया गया। इसी दौरान गमगीन माहौल में ग्रामीण नदी में नहाने पहुंचे और यह हादसा हो गया।
ऐसे हुआ हादसा
नदी में नहाते समय विजय प्रताप सिंह (30), मुकेश गोस्वामी (25), महेंद्र माली (25), बरदी चंद (34), महेश (35), राकेश (28) और जीवराज (30) गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य किया और किसी तरह राकेश, जीवराज, विजय प्रताप सिंह और मुकेश गोस्वामी को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को शाहपुरा जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं महेंद्र माली, बरदी चंद और महेश की मौत हो गई।
जनप्रतिनिधियों ने लिया स्वास्थ्य का जायजा
हादसे की जानकारी मिलने पर सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा और जिला कलेक्टर जसमित सिंह संधु शाहपुरा जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने भर्ती युवकों की स्थिति जानी और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। सांसद व विधायक ने पीड़ित परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। जिला कलेक्टर ने हादसे की जांच के आदेश दिए और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
गांव में पसरा मातम
फूलिया कलां गांव में गहरी शोक लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही गोपाल वैष्णव का निधन हुआ था। उसके बाद सड़क हादसे में अशोक वैष्णव और उनके परिवार के चार सदस्य काल कवलित हो गए। अब नदी में डूबने से तीन युवकों की मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक सप्ताह में चार पीढ़ियों का अंतिम संस्कार होने से गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है।
भीलवाड़ा में दर्दनाक हादसा: अंतिम संस्कार के बाद नदी में नहाने गए सात युवक डूबे, तीन की मौत, चार गंभीर
Leave a Comment
Leave a Comment

