बांसवाड़ा: बढ़ती चोरी पर पुलिस सख्त – 10:30 बजे तक बिना काम बाजार में घूमे तो होगी कार्रवाई
बांसवाड़ा, 16 अगस्त 2025।
जिले में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने सभी थाना अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बिना काम घूमने वालों पर पुलिस सख्ती बरतेगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रात 10:30 बजे तक यदि कोई व्यक्ति बिना किसी काम के बाजारों या सार्वजनिक स्थलों पर घूमते पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
चोरों के हौसले बुलंद
पिछले कई महीनों से छोटे-मोटे चोर और उचक्के सक्रिय होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस की पैट्रोलिंग और निगरानी के बावजूद चोरी के मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा था। अधिकांश चोरी के मामलों का अभी तक खुलासा भी नहीं हो पाया है।
त्योहारों को देखते हुए बढ़ाई सतर्कता
आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यह सख्ती बढ़ाई है ताकि त्योहार के सीजन में चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना अधिकारियों को विशेष गश्त करने, बाजारों में पैदल पेट्रोलिंग बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
बाजार में संदिग्ध पाए जाने पर होगी तुरंत कार्रवाई
निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति बाजारों में बिना किसी उचित कारण के घूमता पाया गया तो उसे तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
जनता से अपील
कोतवाली थाना अधिकारी रूप सिंह ने आमजन से अपील की है कि वे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने में दें।

