:
📰 डॉ. सतीश पूनियां ने मां त्रिपुरा सुंदरी के दरबार में टेका माथा, कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
बांसवाड़ा, 15 जुलाई।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के संगठन प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां मंगलवार को बांसवाड़ा दौरे पर रहे। उन्होंने सबसे पहले मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
बाद में पूनियां भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी की जड़ें बूथ स्तर तक मजबूत करनी होंगी, तभी हम जनआधार को और बढ़ा सकेंगे।
इसके बाद डॉ. पूनियां गढ़ी विधायक कैलाश मीणा के चंदनपुरा स्थित निवास पर पहुंचे, जहां आदिवासी परंपरा से उनका स्वागत किया गया। पूनियां ने विधायक मीणा, उनके परिवार व क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से संवाद कर जमीनी स्तर की स्थिति को जाना।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पूजीलाल गायरी, पूर्व सांसद मानशंकर निनामा, एसटी मोर्चा पूर्व प्रदेश महामंत्री धर्मेन्द्र राठौड़, जिला परिषद सदस्य हकरुभाई मईड़ा, राजेश कटारा, पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह राव व मनोहर पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डॉ. पूनियां के इस दौरे को कार्यकर्ताओं ने उत्साह से भरा बताया और संगठन को ऊर्जा मिलने की बात कही।

