पूर्व प्रधान के घर आबकारी का छापा, 144 पव्वे अवैध देशी शराब जब्त

pnpandey

राजगढ़ (अलवर)।
जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। आबकारी अधिकारी निरोधक दल, आबकारी थाना राजगढ़, लक्ष्मणगढ़, अलवर पूर्व एवं आबकारी वृत राजगढ़ की संयुक्त टीम ने स्टेशन के समीप स्थित पंचायत समिति के पूर्व प्रधान रघुवर दयाल मीना के निवास पर छापा मारते हुए अवैध देशी शराब बरामद की है।
आबकारी वृत राजगढ़ के आबकारी निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि प्रहराधिकारी विनोद कुमार महला के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने स्टेशन के समीप रघुवर दयाल मीना के मकान की तलाशी ली, जहां से तीन पेटियों में रखे कुल 144 पव्वे अवैध देशी शराब जब्त किए गए। मौके से अभियुक्त पूर्व प्रधान रघुवर दयाल मीना को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व मई 2024 में भी इसी रिहायशी मकान से अवैध देशी शराब जब्त की गई थी, उस दौरान पूर्व प्रधान के पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
यह कार्रवाई राजगढ़ क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment