प्रतापगढ़। शहर के एक निजी विद्यालय की मनमानी के खिलाफ वरमंडल निवासी अभिभावक दशरथ सिंह एवं उनके परिजनों ने बुधवार को उपखंड अधिकारी को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि विद्यालय प्रबंधन स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) देने से इंकार कर रहा है और अधिक फीस वसूल रहा है। साथ ही छात्रों को निर्धारित दुकान से ही स्टेशनरी, यूनिफॉर्म व अन्य सामग्री खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है, जिनकी कीमत बाजार दर से अधिक होती है।दशरथ सिंह ने बताया कि उनके तीन बच्चे बीते दो वर्षों से उक्त विद्यालय में अध्ययनरत थे, लेकिन पढ़ाई का स्तर संतोषजनक न होने और फीस अधिक होने के कारण उन्होंने बच्चों का स्कूल बदलने का निर्णय लिया। इसके बावजूद प्रबंधन न केवल टीसी जारी नहीं कर रहा, बल्कि शेष फीस वसूलने का दबाव बना रहा है। इससे बच्चों का अन्य विद्यालय में प्रवेश नहीं हो पा रहा और पढ़ाई बाधित हो रही है।अभिभावक ने ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से विद्यालय प्रबंधन पर कार्रवाई करने और स्थानांतरण प्रमाण पत्र शीघ्र जारी कराने की मांग की है।
निजी स्कूल की मनमानी से परेशान अभिभावक, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

