नागौर में मलेरिया से बचाव को लेकर चिकित्सा विभाग अलर्ट, 14 मई तक चलाया जाएगा विशेष अभियान

pnpandey

नागौर में मलेरिया से बचाव को लेकर चिकित्सा विभाग अलर्ट, 14 मई तक चलाया जाएगा विशेष अभियान

नागौर। बदलते मौसम के साथ मच्छर जनित रोगों की आशंका को देखते हुए चिकित्सा विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा जिले में विशेष अभियान की शुरुआत की गई है, जो 14 मई तक चलेगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने बताया कि यह अभियान वार्षिक कार्ययोजना के तहत 1 अप्रैल से प्रारंभ किया गया है। इस दौरान जिलेभर में मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर वहां सोर्स रिडक्शन, एंटी-लार्वा और एंटी-एडल्ट गतिविधियां करवाई जा रही हैं।

डॉ. सैनी ने बताया कि जनजागरूकता के लिए ‘सूखा दिवस’ मनाया जाएगा और लार्वा प्रदर्शन के माध्यम से लोगों को मच्छरों की रोकथाम के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिले में विशेष टीमें गठित की गई हैं जो नियमित रूप से इन गतिविधियों की निगरानी कर रही हैं।

तेज जांच और प्रभावी उपचार की व्यवस्था
जिला वाहक जनित रोग सलाहकार ने बताया कि अभियान के दौरान बुखार से पीड़ित मरीजों की तुरंत रक्त जांच की जाएगी। यदि किसी मरीज में मलेरिया की पुष्टि होती है तो उसे तुरंत उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके साथ ही संक्रमित व्यक्ति के घर के आसपास मच्छर नष्ट करने की गतिविधियां की जाएंगी।

फॉगिंग के लिए तैयार हैं मशीनें
चिकित्सा विभाग ने फॉगिंग के लिए विशेष तैयारियां कर ली हैं। डॉ. सैनी ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फॉगिंग मशीनें सक्रिय कर दी गई हैं, जिससे मच्छरनाशक दवाओं का छिड़काव कर संक्रमण फैलने से रोका जा सके।

गर्मी को देखते हुए अस्पतालों में की गई व्यवस्थाएं
पीएमओ डॉ. आर. के. अग्रवाल ने बताया कि सर्दियों के बाद अचानक तापमान बढ़ने से मौसमी बीमारियों के मामले कुछ समय के लिए बढ़े थे, लेकिन अब हालात नियंत्रण में हैं। गर्मी को देखते हुए नागौर जेएलएन अस्पताल में जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मरीजों को सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

जनता से अपील
चिकित्सा विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने घर और आसपास पानी जमा न होने दें और मलेरिया से बचाव के उपायों को अपनाएं, ताकि इस बीमारी से बचा जा सके।

Share This Article
Leave a Comment