त्रिनेत्र गणेश मार्ग पर फिर दिखी बाघिन ‘सुल्ताना’, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रास्ता हुआ बंद

pnpandey


सवाई माधोपुर।
रणथंभौर टाइगर रिज़र्व स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर मंगलवार को एक बार फिर बाघिन सुल्ताना का मूवमेंट देखने को मिला। बाघिन के अचानक सड़क पर आ जाने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों में रोमांच के साथ-साथ सतर्कता भी बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघिन करीब 30 मिनट तक सड़क के बीचोंबीच बेखौफ अंदाज़ में टहलती रही। इस दौरान मंदिर दर्शन के लिए जा रहे कई श्रद्धालुओं ने दूर से ही मोबाइल कैमरे में दृश्य कैद किए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटवाया।
भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए विभाग ने एहतियातन करीब एक घंटे के लिए गणेश धाम के पास प्रवेश द्वार बंद कर दिया, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित रहे। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं को पैदल या दुपहिया से जाने पर प्रतिबंध है और केवल चौपहिया वाहनों को ही प्रवेश दिया जाता है, जिससे खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।
गौरतलब है कि बाघिन सुल्ताना ने हाल ही में मिश्रदर्रा क्षेत्र के पास शावकों को जन्म दिया है। इसी कारण उसका त्रिनेत्र गणेश मार्ग पर बार-बार मूवमेंट बना रहता है। वन विभाग का कहना है कि टीमें लगातार अलर्ट पर हैं, फिर भी यात्रियों को निर्धारित नियमों का पालन करने और अनावश्यक रूप से रुकने से बचने की सलाह दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment