ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी के बाद पुलिस ने व्यापारियों संग की बैठक

pnpandey

ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी के बाद पुलिस ने व्यापारियों संग की बैठक

सवाई माधोपुर, 18 मार्च 2025 (के.पी. सिंह)
हाल ही में सवाई माधोपुर की कृषि उपज मंडी से दिनदहाड़े एक ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी होने की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज डेढ़ घंटे में चोरी हुई ट्रॉली को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद मंडी परिसर की सुरक्षा को लेकर मंगलवार को कोतवाली थाना पुलिस ने व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की।

बैठक में कोतवाली थानाधिकारी हरलाल सिंह मीणा और मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गोयल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। इस दौरान मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गोयल ने मंडी गेट के बाहर अव्यवस्थित रूप से खड़े भूसे से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली और ऊंटगाड़ियों की समस्या से पुलिस को अवगत कराया। व्यापारियों ने शिकायत की कि इससे मंडी में आने-जाने में दिक्कत होती है और चोरी जैसी घटनाओं की संभावना बनी रहती है।

इस पर थानाधिकारी हरलाल सिंह मीणा ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही मंडी गेट के बाहर से भूसे की ट्रॉली और ऊंटगाड़ियों को हटवाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने व्यापारियों से सतर्क रहने और अपनी दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। बैठक में मौजूद व्यापारियों ने जल्द ही सभी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का आश्वासन दिया।

थानाधिकारी मीणा ने व्यापारियों से आग्रह किया कि मंडी परिसर में किसी संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

–

Share This Article
Leave a Comment