जयपुर जिले में अब तक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत है

pnpandey

जयपुर जिले के 19 विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार (25 नवंबर) को विधानसभा चुनाव 2023 के तहत सफल एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया. जयपुर जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में 75.91 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. जो कि विधानसभा चुनावों में जयपुर जिले में अब तक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत है. इस बार के चुनाव में महिलाओं से ज्यादा पुरुषों ने मतदान किया है.

जयपुर. राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए शनिवार को 199 विधानसभा सीटों के लिए शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान सम्पन्न हो गया. इस दौरान प्रदेश के 75.45% प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने रविवार को बताया कि जयपुर में कुल 38 लाख 34 हजार 407 मतदाताओं ने ईवीएम के जरिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया. वहीं, 6 हजार 970 मतदाताओं ने होम वोटिंग की सुविधा का लाभ लेते हुए अपना वोट कास्ट किया. करीब 26 हजार 293 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट के जरिये मतदान किया. इस प्रकार जयपुर जिले में लगभग 38 लाख 67 हजार 750 से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है.

जयपुर में पुरुषों ने ज्यादा वोट डाला: उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में जयपुर जिले में 20 लाख 23 हजार 140 पुरुष और 18 लाख 11 हजार 225 महिला मतदाता एवं 42 ट्रांसजेंडर मतदाताओं ने वोट डाले. इस प्रकार 76.08 फीसदी पुरुष मतदाताओं, 74.35 महिला मतदाताओं एवं 56.58 फीसदी ट्रांसजेंडर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस बार चुनाव में मतदान करने में महिलाएं पुरुषों की तुलना में पीछे रही हैं. 2018 के विधानसभा चुनाव की बात की जाए तो उसमें 74.42 फ़ीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, वहीं 2013 में 74.24 फ़ीसदी मतदान हुआ था.

मतदान को लेकर हर वर्ग में दिखा उत्साह: जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि विधानसभा चुनाव में मतदान को लेकर हर वर्ग एव आयु वर्ग के मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया. कोटपूतली विधानसभा क्षेत्र में 77.38, विराटनगर विधानसभा क्षेत्र में 76.49, शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में 84.81, चौमूं विधानसभा क्षेत्र में 84.41, फुलेरा विधानसभा क्षेत्र में 78.36, दूदू विधानसभा क्षेत्र में 79.30, झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 72.21, आमेर विधानसभा क्षेत्र में 78.20 एवं जमवारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 77.18 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. वहीं, हवामहल विधानसभा क्षेत्र में 76.74, विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में 73.16, सिविल लाइन्स विधानसभा क्षेत्र में 70.66, किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में 77.36, आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में 73.84, मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में 70.37, सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में 70.86, बगरू विधानसभा क्षेत्र में 72.73, बस्सी विधानसभा क्षेत्र में 78.98 एवं चाकसू विधानसभा क्षेत्र में 76.29 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले.

होम वोटिंग में 96 फीसदी से ज्यादा मतदान: जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जयपुर जिले में 14 से 19 नवंबर तक 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग श्रेणी के विशेष योग्यजन मतदाताओं को विधानसभा चुनाव के लिए घर पर मतदान करने की सुविधा दी गई थी. होम वोटिंग के लिए पंजीकृत मतदाताओं में से 96 फीसदी मतदाताओं ने होम वोटिंग का लाभ उठाया. 19 विधानसभा क्षेत्रों में होम वोटिंग के लिए 7 हजार 230 मतदाता रजिस्टर्ड थे इसमे से 6 हजार 970 मतदाताओं ने होम वोटिंग के तहत घर से मतदान किया.

3 को आएंगे नतीजे: जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि 19 विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम मशीन राजस्थान और कॉमर्स कॉलेज में एकत्रित कर ली गई है और अब 3 दिसंबर को मतगणना की जाएगी. ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है. प्रकाश राजपुरोहित ने जयपुर जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव संपन्न होने पर जिले के सभी मतदाताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, मीडिया कर्मियों, मतदान दल के कर्मचारियों, पुलिस, सुरक्षा बलों के जवानों के साथ प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से जुड़े सभी कार्मिकों का आभार जताया है.

Share This Article
Leave a Comment